कंपनीबाग के पास सड़क पर मलबा संवाद
बस्ती। बड़ेवन से कंपनीबाग तक 16.50 करोड़ की लागत से फोरलेन सड़क तो बना दी गई लेकिन, सुरक्षा का इंतजाम नहीं किया गया। सड़क की सुरक्षा के लिए दोनों तरफ बैरिकेडिंग तो छोड़िए, नाला अधूरा पड़ा है और संकेतक तक नहीं लगाए गए।
अनियोजित निर्माण के चलते आवागमन प्रभावित हो रहा है और राहगीरों काे परेशानी झेलनी पड़ रही है। बता दें कि सड़क को चौड़ी कर फोरलेन में तब्दील तो कर दिया गया ताकि जाम न लगे। लेकिन, अतिक्रमण के चलते स्थिति फिर पहले जैसी हाे गई है। दो साल पहले बड़ेवन से कंपनीबाग की सड़क सात मीटर चौड़ी थी। तब दोनों तरफ फुटपाथ पर कहीं पार्किंग तो, कहीं मुमटी, ठेला रखकर अतिक्रमण किया गया था। लोगों को उम्मीद थी 22 मीटर चौड़ी फोरलेन बनने के बाद आवागमन सुगम होगा और शहर की रौनक भी बढ़ेगी।
हाईवे से सीधे जुड़ने वाले इस मार्ग का निर्माण तो लगभग पूर्ण कर दिया गया है। लेकिन, अब तक सड़क को दोनों तरफ से बैरिकेडिंग करके सुरक्षित नहीं किया गया है। सड़क पर पहले की तरह ही दुकानें लगने लगी हैं। लोगों का कहना है कि अतिक्रमण से फोरलेन टू लेन जैसा हो गया है तो अधूरा नाला भी सांसत पैदा किए हुए है।
नाला निर्माण संबंधी सामग्री, ईंट-पत्थर और नाला ढक्कन की ढलाई और अन्य सामग्री सड़क पर ही रखे हैं। मिट्टी के ढेर और मलबा तक सड़क पर रख दिए गए हैं, इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित है। अधूरे नाले को भी पूरा करने में जिम्मेदार असफल दिख रहे हैं।