कंपनीबाग के पास अधूरी सड़क व नाले पर ढक्कन के लिए पत्थर की हुई है ढलाई संवाद
बस्ती। कंपनीबाग-बड़ेवन फोरलेन सड़क निर्माण में कई कार्य अभी भी अधूरे पड़े हैं। कुछ हिस्से में सड़क तक अधूरी है। छह माह बीतने के बाद भी कंपनीबाग की अधूरी सड़क पर गिट्टी का लेयर तक नहीं चढ़वा पाए हैं। इससे राहगीरों को परेशानी हो रही है। वहीं, नाले पर ढक्कन के लिए पत्थर की ढलाई सड़क पर करके छोड़ दिए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका भी हमेशा बनी रहती है।
शहर की झोली में वैसे तो यह पहला फोरलेन मार्ग आया है। लेकिन, अभी तक इस सड़क को संपूर्ण रूप से पूरा करते हुए हैंडओवर नहीं किया जा सका है। विभागीय जानकारों ने बताया कि इस साल को सालभर पहले ही पूर्ण करते हुए हैंडओवर करना था, लेकिन निर्माण इकाई की ढिलाई से अभी तक सड़क पर कई कार्य रुके हुए हैं। इंट्री प्वाइंट बड़ेवन से कंपनीबाग चौराहे तक 1.70 किमी. फोरलेन सड़क कंपनीबाग पर आकर अधूरी छोड़ दी गई है। छह माह से नाला निर्माण का कार्य चल रहा है, लेकिन अभी अपूर्ण ही है।
अधूरी सड़क पर ही नाले के ढक्कन के लिए पत्थर की ढलाई का कार्य किया जा रहा है। इससे राहगीरों को और खतरा है। कंपनीबाग से लेकर बीडीए कार्यालय तक सड़क पर ही नाले के ढक्कन की ढलाई करके छोड़ दिया गया है। इससे सड़क सकरी हो गई है। आवागमन में भी परेशानी है। राहगीरों ने बताया कि रात के समय सड़क पर सफर करना आसान नहीं है। ढलाई वाले पत्थर पर बाइक और कार कब चढ़ जाए कहा नहीं जा सकता है।
वहीं, कंपनीबाग पर भी अधूरी सड़क पूरी नहीं कर रहे। यहां खुले नाले दुर्घटना को दावत दे रहे हैं। अभी तक इस मार्ग पर अधिकांश जगहों पर नाले खुले हैं। विभाग के अनुसार, फोरलेन सड़क परियोजना करीब 17 करोड़ की है। अभी तक इस मार्ग पर सुरक्षा संबंधी संकेतक तक नहीं लगे हैं।