- कलक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक
बस्ती। संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक अप्रैल से चलेगा। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जनपद स्तरीय अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक में सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने 11 विभागों को जिम्मेदारी तय की गई। कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह से संचारी वाहन जागरूकता रैली निकाली जाएगी।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक से 30 अप्रैल तक और दस्तक अभियान 10 से 30 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा। नोडल की भूमिका में स्वास्थ्य विभाग रहेगा। बुखार, इन्फ्लुएन्जा लाइक इलनेश (आईएलआई), क्षय रोग और कुपोषित बच्चों के प्राप्त सूची के अनुसार चिह्नित कर रोगियों का उपचार भी कराएंगे। विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्धारित उत्तरदायित्व के अनुपालन में शिथिलता न बरती जाए।
नगर पालिका, नगर पंचायतों, मोहल्ला निगरानी समितियों के माध्यम से संचारी रोगों के साथ शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, खुले में शौच न करना और मच्छरों की रोकथाम के लिए जागरूकता के लिए कार्य होगा। खराब हैंडपंप, जलाशय, नालियों की सफाई, झाड़ियों की काट-छाट, मैलाथियान से फॉगिग, कूडेदान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। संचालन जिला मलेरिया अधिकारी राजेश चौबे ने किया। सीएमओ डॉ. राजीव निगम, डिप्टी सीएमओ डाॅ. एके चौधरी, डीपीओ राजेश कुमार, डीपीआरओ धनश्याम सागर, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता मौजूद रहे।