बस्ती। शहर के पुराना डाकखाना मलिन बस्ती और कंपनीबाग वार्ड के निवासियों को आश्चर्य का ठिकाना नहीं रहा जब देखा कि कमिश्नर और डीएम मोहल्ले का कूड़ा उठा रहे हैं।
बृहस्पतिवार को कमिश्नर अनिल कुमार सागर को फावड़ा और डीएम डॉ. राजशेखर को झाड़ू लिए देखकर नागरिक भी स्वच्छता अभियान से जुड़ गए। वार्ड के 20-30 नागरिकों के अलावा सीआरओ, नगर पालिका वार्ड सदस्यों और ईओ ने पुराना डाकखाना मलिन बस्ती और नगर पालिका के वार्ड नंबर 16 और 17 कंपनी बाग में साफ-सफाई की। मलिन बस्ती के कई निजी प्लाट में कूड़ा डंप होते देख मंडलायुक्त ने कड़ी आपत्ति दर्ज की। ईओ को दो दिन के भीतर शहर के बाहर उचित स्थान पर स्थानांतरित करने का आदेश दिया।
स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) और स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बृहस्पतिवार सुबह कमिश्नर और डीएम की टीम ने पुराना डाकखाना की मालिन बस्ती में निजी प्लाट में कूड़ा डंप किए स्थान से अभियान की शुरुआत की। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पुष्कर मिश्र, वार्ड मेंबर विपिन रॉय, सोनू पांडेय आदि के साथ आयुक्त और डीएम ने उस क्षेत्र के लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और मुद्दों को विस्तार से जानने-समझने की कोशिश की। साथ ही स्वच्छता अभियान में सुधार के लिए प्रतिक्रिया और सुझाव लिया। 40 बड़े ठोस कचरे के कंटेनर रखवाने का आदेश दिया। कहा है कि इसे 15 नवंबर तक उचित स्थानों पर रखवाए जाएं।