बस्ती। चैत्र नवरात्र के दौरान इस बार पूजन सामग्री की कीमतों में आंशिक बढ़ोतरी देखी गई है। सुहागी, चूड़ी-बिंदी और फलों के दामों में पांच से 10 रुपये तक का उछाल आया है। वहीं, भगवान को भोग के रूप में चढ़ाए जाने वाले केले लगभग 80 रुपये दर्जन और कच्चा नारियल 60 से 80 रुपये तक बिक रहा है।
महंगाई के बावजूद श्रद्धालु अपने इष्ट और कुल देवी-देवताओं की पूजा में कोई कमी नहीं रख रहे हैं, जिससे उनकी जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। राहुल, ज्योति और माधुरी ने बताया कि नवरात्रों में मांग बढ़ने के कारण हर साल कीमतें बढ़ती हैं, लेकिन इस बार अधिक मांग के चलते दामों में और तेजी आई है।
शहर के गांधीनगर बाजार, मंगल बाजार, दक्षिण दरवाजा, रोडवेज, मालवीय रोड, कंपनीबाग, फौव्वारा तिराहा, कटरा में फल दुकानों में अलग-अलग दामों पर फल बेचे जा रहे हैं। फल विक्रेताओं लालबाबू, बिटू्टू, मो. सलीम और इरफान ने बताया कि फलों के दाम पहले से ही बढ़े हुए आते हैं। इसके अलावा ढुलाई लागत और खराब होने पर होने वाले नुकसान को भी उन्हें वहन करना पड़ता है। भगवान को भोग के रूप में चढ़ाए जाने वाला केला 80 रुपये दर्जन बिक रहा है।
जबकि नारियल 60-80 रुपये, संतरा 100- 120, आम 220-25, अंगूर 160 से 180 रुपये तक बेचे जा रहे हैं। सेब दो सौ रुपये बिक रहा है। अनार 200 से 220 रुपये किलो बिक रहा है। माता की चुनरी 25 रुपये से 500 रुपये तक, सुहागी 30-50 रुपये, धूप 10-120 रुपये, अगरबत्ती 50-100 रुपये, ज्योति में पड़ने वाला घी 600 से 700 रुपये, व्रत में खाया जाने वाला फलाहार में साबुदाना 70 से 80 रुपये किलो, कुट्टू आटा 120-140, आलू 8-12 रुपये किलो के दाम पर बेचा जा रहा है। नीबू भी 10 रुपये में दो पीस मिल रहा है। खीरा 40 से 50 रुपये किलो मिल रहा है।