राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष मुन्ना सिंह चौहान ने किया प्रेस वार्ता।
राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में चुनावी गठबंधन का निर्णय कार्यसमिति की बैठक में होगा। अभी प्रदेश में प्रत्याशियों की नब्ज टटोलने के लिए बैठके हो रही हैं। पूर्वोत्तर जोन का सम्मलेन 24 को गोरखपुर में होगा। रालोद के प्रदेश अध्यक्ष मुन्ना सिंह चौहान शनिवार को प्रदेश सचिव ऐश्वर्य राज सिंह के आवास (ऱाजभवन) पर पत्रकारों से मुखातिब हुए। ज्वलंत समस्याओं पर प्रदेश की सपा सरकार को घेरते हुए कहा कि बाढ़ जैसी विभिषिका से निपटने के लिए सरकार के पास कोई योजना नहीं है। यहां तक अपनी उपलब्धियों को गिनाने के चक्कर में बाढ़ व बचाव कार्य से संबंधित बैठक भी इस वर्ष नहीं हुई।
प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की है कि बस्ती सहित कई जिलों में बाढ़ का खतरा मड़रा रहा है। विधानसभा की विशेष बैठक बुलाकर इस पर काबू पाने के विशेष योजना तैयार की जाए। कहा कि सरकार के मंत्री, विधायक बाढ़ क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों के घाव पर सिर्फ मरहम लगा रहे हैं। मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश को चार जोन में बांटकर सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 24 जुलाई को गोरखपुर में सम्मेलन तय है। 6, 7 अगस्त को बस्ती राजभवन में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ऐश्वर्यराज सिंह के नेतृत्व में होगी। कार्यक्रमों में ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा के साथ चुनाव की रणनीति पर विचार होगा। नौ अगस्त को पूरे प्रदेश में प्रदर्शन कर राज्यपाल को ज्ञापन दिया जाएगा। इससे पहले जिला स्तरीय संगठनों को मजबूत बनाने, आनलाइन सदस्यता अभियान चलाने तथा बूथ कमेटियों के गठन का काम पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर गोरखपुर में आयोजित सभा में गन्ना बकाया तथा रासायनिक खादों के दाम कम करने से जुड़े गलत आंकड़े सार्वजनिक करने का आरोप लगाया।
मुन्ना सिंह ने दयाशंकर सिंह प्रकरण के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया जताई। कहा कि गलती दोनों पक्षों से हुई इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। किंतु सरकार के द्वारा अपनाया जा रहा दोहरा मापदंड उससे ज्यादा निंदनीय है। जिस तरह दयाशंकर के गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं उसी तरह मायावती और उनके तीन नेताओं की गिरफ्तारी के भी प्रयास होनी चाहिए। ओम प्रकाश चौधरी, शिवकुमार गौतम, अशोक कुमार सिंह, धनन्जय सिह, राय अंकुरम श्रीवास्तव, बबलू पाण्डेय आदि उपस्थित थे।