मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में अब ऑनलाइन आवेदन
गौर(बस्ती)। गरीब परिवारों की बेटियों के हाथ पीला करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित की जा रही है। नए सत्र यानी अप्रैल से समाज कल्याण विभाग इस योजना को और सरल करने जा रहा है। अब घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं। नए वित्तीय वर्ष में इस योजना का मोबाइल एप और पोर्टल लांच करने की तैयारी चल रही है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को छोड़कर सभी योजनाएं ऑनलाइन थीं। अब इसी कड़ी में सामूहिक विवाह योजना के लिए भी ऑनलाइन किया जा रहा है। इसके लिए समाज कल्याण निदेशालय से पत्र प्राप्त हो गया है। अब घर बैठे जरूरतमंद स्मार्ट फोन पर ही इस योजना की जानकारी हासिल कर सकेंगे और योजना का लाभ लेने के लिए मोबाइल के जरिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे। एडीओ समाज कल्याण गौर संदीप सिंह ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए लोगों को पहले फार्म भरकर ब्लॉक मुख्यालय, विकास भवन और ग्राम प्रधान का चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन सरकार ने योजना को और पारदर्शी बनाते हुए बड़ा बदलाव किया है। सब कुछ ठीक रहा तो लाभार्थी स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठाएंगे। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन होने से अब इस योजना के आवेदन का प्रारूप, प्रपत्र की शर्तें, जरूरी दस्तावेज, सामूहिक विवाह आयोजन का कार्यक्रम सहित सभी जानकारी ऑनलाइन होगी, जिसे लाभार्थी अपने मोबाइल पर देख सकते हैं।