बस्ती। भानपुर में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का रास्ता साफ हो गया है। चिह्नित भूमि की मिट्टी की जांच के बाद डीपीआर शासन को स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। मुहर लगते ही 30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला भवन का निर्माण शुरू हो जाएगा। इसमें छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ अत्याधुनिक लैब, लाइब्रेरी की सुविधा भी मिलेगी।
जनपद के चार तहसीलों में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनने के लिए शासन से हरी झंडी कुछ वर्ष पूर्व मिली थी। इसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने राजस्व विभाग की मदद से भूमि चिह्नांकन का कार्य पूरा कराया। हर्रैया, भानपुर व रुधौली में भूमि तो चिह्नित हो गई, लेकिन सदर तहसील में चिह्नांकन का कार्य पूरा नहीं हो पाया। हर्रैया व रुधौली में निर्माण कार्य शुरू हो गया था। कुछ दिन पूर्व हुई वर्षा के चलते रुधौली में निर्माण स्थल पर पानी भर गया। इसकी वजह से निर्माण कार्य बंद कर दिया गया। मिट्टी पटाई के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। रुधौली में मिट्टी की जांच में लेटलतीफी को लेकर निर्माण नहीं शुरू हो पाया था। हालांकि, अब जांच पूरी हो गई है। निर्माण के लिए मिट्टी उपयोगी पाई गई। विभाग ने इसका डीपीआर शासन को भेज दिया है। स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। बीएसए अनूप कुमार ने बताया कि डीपीआर स्वीकृत होने के बाद कार्य शुरू होगा।