बस्ती। जिले में जलजीवन मिशन से जुड़ी कुल 2573 परियोजनाओं के सापेक्ष 641 गांव में शत प्रतिशत हर घर जल के तहत पाइप लाइन पहुंचाने का दावा किया जा रहा है। मगर सत्यापन रिपोर्ट केवल 42 गांवों की आई है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा के दौरान यह पोल खुली तो कार्यदायी संस्थाओं पर डीएम नाराज हो गए।
उन्होंने सख्त हिदायत दी कि जिन गांवों में जलजीवन मिशन का कार्य पूर्ण बताया जा रहा है उनकी सत्यापन रिपोर्ट अविलंब उपलब्ध कराई जाए। निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत अवशेष सभी कार्यों को मार्च 2024 तक हरहाल में पूरा कराए। ट्यूबेल की फोटो अपलोड करने के साथ ही प्रिकाॅस्टिंग स्ट्रक्चर स्थापित कराने में तेजी लाए। बताया गया 11 स्थान पर भूमि उपलब्ध नहीं हो पाई है। इसके लिए उन्होंने संबंधित एसडीएम से संपर्क कर समस्या के समाधान निकाले जाने का निर्देश दिया। यह भी बताया गया कि 641 गांव के 2 लाख 81 हजार 127 परिवार में टैप वाटर की सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। डीएम ने कहा कि सभी घरों में यह सुविधा पहुंचाई जाए। इसके अलावा खोदी गई सड़कों को भी मरम्मत करके सही कराया जाए।
उन्होंने सीडीओ को को निर्देशित किया कि प्रिकाॅस्टिंग स्ट्रक्चर की स्थलीय जॉच करके रिपोर्ट उपलब्ध कराए। डीएम नेबोरिंग, पंप हाउस, ट्यूबेल, ओवरहेड टैंक आदि के निर्माण पर भी जोर दिया। इस मौके पर सीडीओ जयदेव सीएस, अधिशासी अभियंता जल निगम जनार्दन सिंह मौजूद रहे।