बस्ती। सांसद खेल महाकुंभ के शुभारंभ पर बुधवार को दिनभर शहर में जाम जैसे हालात रहे। रुट डायवर्जन के चलते शहर में आने जाने वालों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ा। रौता, कंपनीबाग और फव्वारा चौराहे पर आम नागरिकों के साथ पुलिस का रवैया काफी कठोर रहा। सर्वाधिक कठिनाई उन्हें हुई जिनका घर उक्त तीनों जगहों पर है।
रुट डायवर्जन के नाम पर पुलिस ने तमाम जरूरतमंदों को भी कंपनीबाग से कचेहरी की ओर नहीं जाने दिया। दूसरी ओर बड़ेवन, कटरा, पानी की टंकी, मालवीय रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में पुलिस नाकाम रही। आम दिनों की तरह ही यहां सड़कों पर पार्क गाड़ियों को हटवाने में ट्रैफिक पुलिस नाकाम साबित हुई। सारी यातायात व्यवस्था रूट डायवर्जन के भरोसे ही दिनभर चलती रही। पहले से ही कार्यक्रम तय होने के बाद भी पुलिस पटरियों पर पार्किंग में लगी गाड़ियों को नहीं हटवा पाई।