बस्ती। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने और मोबाइल पर बढ़ते स्क्रीन टाइम को कम करने के उद्देश्य से नए शैक्षणिक सत्र में ''ड्रॉप एवरीथिंग एंड रीड (डीईएआर)'' अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत सप्ताह में एक दिन विद्यार्थियों को 30 मिनट तक पाठ्यपुस्तकों से अलग कहानी, कविता और अन्य रुचिकर पुस्तकें पढ़ने का अवसर दिया जाएगा।
शासन के निर्देश पर विद्यालयों की समय-सारिणी में पुस्तकालय के लिए एक अलग कालांश निर्धारित किया जाएगा, ताकि छात्र अपनी रुचि के अनुसार किताबें पढ़ सकें। इस दौरान शिक्षक बच्चों का मार्गदर्शन करेंगे और पढ़ने-लिखने से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित कराएंगे। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इस संबंध में सभी बीएसए को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभियान का उद्देश्य पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना और विद्यार्थियों के दैनिक जीवन में पुस्तकों को शामिल करना है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार पाठक ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप विद्यालयों में रीडिंग क्लब का गठन किया जाएगा। साथ ही बच्चों का स्क्रीन टाइम कम करने के लिए समाचार पत्रों के पठन-पाठन और उनसे जुड़ी रचनात्मक गतिविधियां भी कराई जाएंगी। बीएसए अनूप कुमार ने बताया कि विभागीय आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इसके लिए बीईओ और प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी किया जाएगा।