मौसम के बदलते तेवर का विपरीत असर मासूमों पर भारी पड़ रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी और चिल्ड्रेन वार्ड में बड़ी संख्या में मासूम बीमार आ रहे हैं। चिल्ड्रेन वार्ड में बुधवार को तीस बेडों पर 55 मरीज भर्ती मिले।
मासूमों की संख्या के आगे बेड कम पड़ रहे हैं। इनमें से अधिकांश कोल्ड डायरिया और निमोनिया से पीड़ित हैं। वहीं ओपीडी में भी डॉक्टरों के पास ऐसे मरीजों की संख्या अधिक रही।
जिला अस्पताल के बालरोग विशेषज्ञ डॉ पीके चौधरी ने बताया कि बुधवार को ओपीडी में उनके पास 35 मरीज आए। इनमें सोनू, गुड़िया, रितिका, श्रेयांश, सुुनील, आर्वी आदि मासूम रहे।
इनमें से अधिकांश को कोल्ड डायरिया और निमोनिया से ग्रसित थे। डॉक्टर ने बताया कि चिल्ड्रेन वार्ड में आज के दिन 55 मासूम मरीज भर्ती हैैं। हांलाकि बेडों की संख्या कम होने से कई बेड पर दो मरीजों को लिटाया गया है।
भर्ती मरीजों में अंश दस माह, सलमान साढ़े तीन साल, आयुष तीन माह, दीपिका ढाई वर्ष, गौरव सात माह, अंशु एक साल, सुधांशु एक साल तीन महीने उम्र के हैं। बताया कि इन मरीजों में अधिकतर उल्टी दस्त से पीड़ित हैं।
वहीं बालरोग विशेषज्ञ डॉ. विजय यादव ने बताया कि उनकी ओपीडी में 46 मरीज आए। इन सभी को कोल्ड डायरिया, निमोनिया की बीमारी थी। बताया कि मौसम में बदलाव से बच्चे अधिक बीमार पड़ रहे हैं।
बेड की कमी के सवाल पर प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरकेश ने बताया कि जल्द ही एक कमरा खाली कर दस अतिरिक्त बेड लगवा दिया जाएगा।