- रोगी का लखनऊ के केजीएमयू में चल रहा इलाज
बचाव के लिए चिकित्सा विभाग ने गांव में एंटीलार्वा का कराया छिड़काव
संवाद न्यूज एजेंसी
भानपुर। ग्राम पंचायत रामनगर में चिकनगुनिया का रोगी मिलने से स्वास्थ्य विभाग चौकन्ना हो गया है। सीएचसी में तैनात बीएचडब्ल्यू की टीम ने गांव जाकर रोगी के परिवार और आसपास के घरों मे रहने वाले लोगों के खून के नमूने लिए। गांव में एहतियातन एंटीलार्वा का छिड़काव कराया गया।
रामनगर गांव के एक व्यक्ति का लखनऊ के केजीएमयू में इलाज चल रहा है। अस्पताल में चिकित्सकों ने मरीज की जांच कराई, जिसमें चिकनगुनिया बुखार की पुष्टि हुई। लखनऊ से इसकी सूचना सीएमओ को मिली। इसके बाद विभाग बचाव व राहत कार्य में जुट गया।
सीएचसी अधीक्षक डाॅ. सचिन चौधरी ने बताया कि गांव में बीएचडब्ल्यू की टीम को भेजकर लोगों के खून के नमूने लिए हैं। इसकी जांच की जा रही है। इसके अलावा बचाव के अन्य उपाय किए जा रहे हैं। लोगों को बीमारी से बचाव की जानकारी दी गई है। उन्हें मच्छरों से बचने और सुअर बाड़े से दूर रहने की सलाह दी गई है।