बस्ती स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा करते यात्री।संवाद
बस्ती। पूर्वोत्तर रेलवे की बस्ती स्टेशन से गुजरने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनें शुक्रवार को घंटों की देरी से चलीं। सबसे ज्यादा परेशानी यात्रियों को तब हुई जब चंपारण-सत्याग्रह एक्सप्रेस निर्धारित समय से 12 घंटे विलंब से बस्ती स्टेशन पहुंची। प्लेटफार्म पर इंतजार करने के बाद कई यात्रियों को यात्रा रद्द कर वापस लौटना पड़ा।
रेलवे समय सारणी के अनुसार यह ट्रेन बस्ती स्टेशन पर रात 3 बजे आनी थी, लेकिन यह दोपहर बाद पहुंची। इससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। रुधौली क्षेत्र के मोहम्मद हफीज और अब्दुल कलाम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे 12 घंटे से स्टेशन पर इंतजार कर रहे हैं, लेकिन ट्रेन कब जाएगी इसकी सही जानकारी किसी के पास नहीं थी।
इसी तरह बेंगलुरु स्पेशल एक्सप्रेस 3 घंटे, बरौनी-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस 3 घंटे और दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस 2 घंटे की देरी से चली। वहीं गोरखपुर-बांद्रा स्पेशल एक्सप्रेस निरस्त रही, जिससे यात्रियों को काफी निराशा हुई।
यात्रियों ने बताया कि घर से लाया गया सामान खत्म हो गया और यात्रा अधर में लटक गई। एक यात्री गौरव ने कहा कि उन्हें मुजफ्फरपुर जाना था लेकिन ट्रेन की देरी से परेशान होकर टिकट कैंसिल करना पड़ा।
सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि कभी-कभी मार्ग परिवर्तित होने और कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते ट्रेनें विलंब हो जाती हैं। यात्रियों को पूछताछ काउंटर पर लगातार जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।