हरैया। विक्रमजोत गन्ना समिति के संस्थापक अध्यक्ष डाक्टर अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रदेश के आधा दर्जन से अधिक गन्ना समितियों के अध्यक्षों ने सोमवार को मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी से लखनऊ में मुलाकात कर समितियों व गन्ना किसानों से जुड़ी समस्याओं के समाधान करने का प्रार्थना पत्र दिया।
विक्रमजोत गन्ना समित के नव निर्वाचित अध्यक्ष सिद्धांत सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ हुई बातचीत के दौरान गन्ना किसानों की समस्याओं को सीएम ने गौर से सुना और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।पश्चिम के मुकाबले पूर्वांचल में करीब तीन गुना उत्पादन कम होने को गंभीरता से लिया और इसे पश्चिम के किसानों के बराबर करने के लिए गन्ना मंत्री से मिलकर सुझाव देने के लिए कहा।
सीएम को दिए प्रार्थना पत्र मे नानपारा, महमूदाबाद, सुल्तानपुर, मोरना, बागपत चीनी मिलों की पेराई क्षमता में वृद्धि करने व समितियों के खातों का संचालन पूर्व की भांति अध्यक्ष व सचिव के साथ किए जाने की मांग की है। इस मौके पर सुरेन्द्र पाठक, धीरेन्द्र प्रताप, त्रिवेंद्र सिंह, आशीष कुमार, रणवीर सिंह, संतोष कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।