महिलाओं के मंगलसूत्र झपटने वाले गिरोह के गुर्गे- पुलिस
बस्ती। मिशन शक्ति के तहत रविवार रात पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की। लालगंज, मुंडेरवा पुलिस ने एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में बाल अपचारी सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर महिलाओं के मंगलसूत्र/लॉकेट छीनने वाले गैंग का खुलासा किया है। इनमें चोरी के जेवर खरीदने वाले दो सुनार भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छिनैती के चार लाॅकेट, घटना में प्रयुक्त दो बाइक और दो चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस लाइंस प्रेक्षागृह में सोमवार को एसपी अभिनंदन ने बताया कि रविवार रात लगभग आठ बजे प्रभारी निरीक्षक लालगंज संजय कुमार, प्रभारी एसओजी विकास यादव, थानाध्यक्ष मुंडेरवा प्रदीप सिंह ने स्वाट व सर्विलांस टीम के साथ लालगंज से कुदरहा मार्ग पर भक्तुपुर के पास कुआनो नदी की पुलिया के समीप छापामार कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें गैंग लीडर बालकेश, विवेक निवासी पसड़ा सेमरा डाड़ी, शत्रुघ्न उर्फ पंगुल बानपुर, विनीत चौधरी निवासी अमरौना, विवेक निवासी पसड़ा तथा एक बाल अपचारी शामिल है।
इनकी निशानदेही पर लालगंज क्षेत्र के बानपुर चौराहा स्थित दो सोनारों की दुकानों से छिनैती के चार लॉकेट बरामद किए गए। लूट के जेवर खरीदने के आरोप में दोनों सोनार गौरी शंकर व इंद्रजीत वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि आरोपी गिरोह बनाकर राह चलती महिलाओं को निशाना बनाते थे। गिरोह के गुर्गों ने बताया कि वे झपट्टा मारकर महिलाओं के गले से लाॅकेट व झाल छीन लेते थे और बाद में उन्हें सोनार की दुकान पर बेच देते थे। इससे मिलने वाली रकम को आपस में बांटकर खर्च कर देते थे।
पुलिस ने बताया कि बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। वहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
सात आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।