स्वामित्व प्रमाण पत्र जारी करने में जिला प्रदेश में प्रथम
डीएम ने दी जानकारी, कहा- योजना के बाद अविभाजित ग्रामीण आबादी का सही अभिलेखीकरण हो जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। स्वामित्व योजना में चयनित राजस्व ग्रामों का स्थलीय सर्वेक्षण व ड्रोन सर्वेक्षण सहित अन्य कार्रवाई पूर्ण कर नियम समय में स्वामित्व प्रमाण पत्र जारी करने वाला बस्ती प्रदेश का पहला जनपद बन गया है। यह जानकारी डीएम आशुतोष निरंजन ने दी।
उन्होंने बताया कि इस योजना की सफलतापूर्वक पूर्ण हो जाने पर अविभाजित ग्रामीण आबादी का सही प्रकार से अभिलेखीकरण हो जाएगा। संपत्ति कर का सही सही निर्धारण हो जाएगा। सही-सही निर्धारण हो जाने से ग्राम पंचायतों की आय का श्रोत बढ़ेगा व आय बढ़ने पर ग्राम पंचायतें उनका उपयोग ग्राम के सुनियोजित विकास में कर सकेंगी, जिससे ग्राम में रहने वाले सभी ग्रामवासियों को और अधिक सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी। डीएम ने बताया कि यह केंद्र व राज्य सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना के तहत पूर्वांचल के 38 जनपदों जिसमें बस्ती भी सम्मिलित है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रत्येक जनपद के 10-10 राजस्व ग्रामों का चिह्नांकन कर कार्रवाई पूर्ण किए जाने का कार्य चल रहा है।