हर्रैया थाना क्षेत्र के पनेरा भारी में 16 सितंबर की घटना
महिला के पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ केस
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। हर्रैया पुलिस ने पति, सास, ननद और ससुर के खिलाफ विवाहिता को जलाकर मार डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष सर्वेश राय ने बताया कि मृतका के पिता रामवृक्ष सोनकर की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। घटना की जांच सीओ हर्रैया शेषमणि उपाध्याय कर रहे हैं।
तहरीर के अनुसार, कलवारी थाना क्षेत्र के सिंगही निवासी रामवृक्ष सोनकर की बेटी आरती (30) की शादी हर्रैया थाने के पनेरा निवासी मनोहर के साथ इसी साल फरवरी में हुई थी। आरोप है कि शादी के समय ही दामाद और उसके घर वाले दो लाख रुपये की मांग करने लगे थे। किसी तरह समझाकर बेटी की विदाई हुई। ससुराल जाने के बाद भी उत्पीड़न जारी रहा और बेटी को मायके भेज दिया था। पांच सितंबर 2020 को फिर से मायके से बेटी विदा होकर ससुराल आई। 16 सितंबर दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि उनकी बेटी आग में झुलसकर मौत हो गई है। पनेरा पहुंचे तो बेटी की मौत हो चुकी थी और ससुराल वाले फरार मिले। आरोप है कि पति मनोहर, सास विद्यावती, ननद बसंती और ससुर विनोद ने मिलकर बेटी को जलाकर मार डाला।