रेल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिले इसके लिए शनिवार को रेल मंत्रालय की यात्री सुविधा समिति के तीन सदस्यों ने रेलवे स्टेशन का जायजा लिया। यहां के हालात देखे। व्यवस्था में सुधार के आवश्यक निर्देश दिए।
दोपहर 11.50 बजे समिति के सदस्य रामानंद त्रिपाठी, प्रभुनाथ चौहान व मनीषा चटर्जी बस्ती पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले टिकट बेडिंग मशीन का निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने हर दिन इसके प्रयोग की जानकारी संबंधित कर्मी से ली। यहां से टीम पुरुष व महिला प्रतीक्षालय जांचा। यहां सफाई आदि तो ठीक पाई गई, मगर शौचालय में बाल्टी व मग गायब मिला। इसके बाद एससी व नान एसी विश्रामालयों को देखा। जहां शुल्क आदि के बारे में पूछताछ किया। नान एसी प्रतीक्षालय में मौजूद यात्री पुरुषोत्तम तिवारी व अर्चना तिवारी से भी उन्होंने बातचीत की। यात्री सुविधाओं के हालत प्लेटफार्म पर देखने टीम पहुंची तो कई यात्रियों से बातचीत कर स्थिति जानी। स्वचलित सीढ़ी के निर्माण की स्थिति पर भी उन्होंने रेल अधिकारियों से पूछताछ की। मालगोदाम के निर्माण में घटिया सामग्री की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीम वहां पहुंच गई और जांच पड़ताल कर स्थितियों को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में ले जाने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर मंडल वाणिज्य प्रबंधक रोहित गुप्ता, क्षेत्रीय प्रबंधक राजीव सेठ,डिवीजनल कामर्शियल इंसपेक्टर सत्य प्रकाश सिंह, स्टेशन अधीक्षक दिनेश कुमार, आरपीएफ इंसपेक्टर राकेश आदि मौजूद रहे।