बस्ती। होली पर्व के दृष्टिगत स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं सतर्क बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने जिला अस्पताल बस्ती का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर (ओटी), एंबुलेंस सेवा तथा उपस्थिति पंजिका की जांच की। सीडीओ ने इमरजेंसी वार्ड में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति देखी। निर्देश दिया कि होली के दौरान 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं पूरी तत्परता से संचालित रहें तथा किसी भी मरीज का उपचार में विलंब न हो।
ओटी के निरीक्षण के दौरान उपकरणों की कार्यशीलता, स्वच्छता व्यवस्था एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता देखी। एसआईसी डॉ. खालिद रिजवान अहमद को निर्देश दिया कि एंबुलेंस सेवा और अन्य सेवाओं को अलर्ट पर रखें। डॉक्टर और कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाएं, ताकि होली में कोई परेशानी न हो। संवाद