सरकारी व ग्राम सभा की भूमि पर काबिज 26 पर मुकदमा
बस्ती। शासन के तेवर व प्रशासनिक अमले की सख्ती के बाद भू माफियाओं पर शिकंजा कसा जाने लगा है। डीएम सौम्या अग्रवाल के निर्देश पर जिले में सरकारी/ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले 26 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। कब्जा भूमि को खाली कराने की कार्रवाई शुरू हो गई है।
डीएम के निर्देश की कड़ी में एसडीएम सदर सूरज यादव ने हरदिया बुजुर्ग गांव में अवैध कब्जा करने वाले 23 लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इसी प्रकार रुधौली थाने में तीन भू-माफिया चिह्नित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसडीएम सदर ने बताया कि भूमि पर अवैध कब्जा कर भवन निर्माण कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले राम सुभाष, लक्ष्मी, राजेश कुमार, विनय कुमार, विश्वनाथ, चन्द्र प्रकाश, हरभजन, शिवपूजन, जवाहिरलाल, कृष्णदत्त, रामअधार, राजेश चौधरी, जगरनाथ, सूर्यनाथ, ओमप्रकाश, साहेबराम, आशाराम, संजय, शिवनाथ, मुकेश, शिवपूजन, राजाराम, उदय नरायन कुल 23 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
इसके अलावा गड़ही पर कब्जा करके सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाने पर इनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। भूमि खाली कराने की कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम रुधौली गुलाब चन्द्र ने बताया कि शेषमुनि निवासी ग्राम हर्रैया मिश्र, सुहेल निवासी ग्राम खंभा, सुभाष चन्द्र निवासी ग्राम मूड़ाडीहा खुर्द के खिलाफ रुधौली थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।