मारपीट के चार मामलों में 14 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बस्ती। रकम की लेनदेन, मेड़ काटने, छेड़खानी का विरोध करने व सरसों की मड़ाई करने जाते समय हुई मारपीट की अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने 14 आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के डफाली टोला निवासी सब्बो का आरोप है कि रकम की लेनदेन की बात को लेकर उन्हें व उनके भाई को मोहल्ले के जमील, आजम समेत चार ने अपशब्द कहते हुए मारपीट कर धमकाया। इसी मोहल्ले की खुशनुदा का आरोप है कि पठान टोला निवासी दिनेश यादव ने बिना किसी कारण के मारपीट कर धमकाया।
उधर, परशुरामपुर के जटौलिया निवासी मिट्ठूलाल का आरोप है कि उन्हें व उनके बेटे को खेत में काम करते वक्त गांव के सतीश व सूरज यादव उर्फ झब्बर ने मेड़ काटने की बात को लेकर अपशब्द कहा। मना करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
दुबौलिया थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी पंद्रह वर्षीय नातिनी के साथ गांव के रहने वाले विशाल ने चौबीस मार्च को रास्ते में छेड़खानी की। विरोध करने पर नातिनी व नाती को अपशब्द कहते हुए मारपीट कर धमकाया। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मुंडेरवा थाने के ससना खंता गांव के रहने वाले महेश ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि 27 मार्च को सरसों की मड़ाई करते जाते वक्त रास्ते में गांव के संजय तिवारी, सचिन, सौरभ, दिनेश, सत्यम व शिवम ने एक राय होकर मारापीटा और जान से मारने की धमकी दी।