मकान हड़पने के आरोप में सभासद पर केस
बस्ती। पठान टोला वार्ड के सभासद अब्दुल अजीज, उनके पांच भाई और नगर पालिका परिषद के अज्ञात अधिकारी-कर्मचारी पर पुलिस ने धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज किया है। आरोपित सभासद के भाई ने तहरीर दी थी।
थाना प्रभारी ब्रजेंद्र पटेल ने बताया कि दक्षिण दरवाजा चौकी इंचार्ज सुभाष चंद्र सिंह को इसकी तफ्तीश सौंपी गई है। पठान टोला निवासी मोहम्मद आरिफ ने तहरीर में बताया कि वे सात भाई हैं। उनमें से एक भाई अब्दुल अजीज सभासद हैं। आरिफ का कहना है कि मां के नाम नगर पालिका क्षेत्र में दो मकान हैं। 2008 में उनकी मां का निधन हो गया। आरोप है कि मां के नाम पर दर्ज दोनों मकान उसके पिता अब्दुल रसीद ने नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से अपने नाम करा लिया।
उसमें औपचारिकता पूरी करने के लिए सभासद अब्दुल अजीज, अब्दुल हमीद, मोहम्मद असलम, मोहम्मद अकरम, मोहम्मद आरिफ, नौशाद आलम आदि की सहमति का शपथ पत्र दिया था। मोहम्मद आरिफ का आरोप है कि उनकी बिना जानकारी के उनके नाम का भी फर्जी शपथ पत्र लगाया गया। जब उन्होंने विरोध किया तो अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए जानमाल की धमकी दी गई। पुलिस ने आरिफ की तहरीर के आधार पर अब्दुल रसीद, अब्दुल अजीज, अब्दुल हमीद, मोहम्मद असलम, मोहम्मद अकरम व नौशाद आलम सहित सात नामजद तथा नगर पालिका परिषद के अज्ञात अधिकारी-कर्मचारी पर मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में आरोपित सभासद का पक्ष लेने का प्रयास किया गया, पर बात नहीं हो पाई।