गौर। थाना क्षेत्र के एक गांव में आठ माह पहले एक किशोरी को शादी का झांसा देकर भाग ले जाने और यौनशोषण के मामले में गौर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किशोरी के पिता ने गौर पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके घर बगल के गांव के राजेश कुमार का काफी आना-जाना रहता था। उसने किशोरी को शादी का झांसा देकर सितंबर 2024 में चेन्नई भगा ले गया। किशोरी के परिजनों ने दबाव बनाया तो उसने दो माह बाद शादी करने का आश्वासन दिया। इस तरह युवक ने किशोरी को अपने साथ सात माह तक चेन्नई में रखा और उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाया। परिजन शादी के लिए दबाव बनाने लगे तो उसने 29 मई 2025 को गौर बाजार चौराहे पर किशोरी को लाकर छोड़ दिया और कहा कि चुपचाप घर चली जाओ। यदि शादी के लिए दबाव बनाएगी तो तुम्हें जान से मार डालूंगा। किशोरी के पिता ने गौर पुलिस को तहरीर के माध्यम से सूचना दी। थानाध्यक्ष गौर गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर राजेश नामक युवक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद