कोर्ट के आदेश पर लालगंज पुलिस ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। लालगंज पुलिस ने छप्पर में लगी आग में झुलसकर एक शख्स की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोप है कि रंजिश के चलते एक महिला के छप्पर में लगी आग से अन्य घरों में आग लग गई थी।
लालगंज के रौतापार निवासी सुभागी देवी पत्नी रामतेज ने पुलिस केा तहरीर में बताया है कि उनका परशुराम व अन्य से खलीलाबाद कोर्ट में केस चल रहा है। इसी मामले में एक अपील दाखिल की गई है। अपीलकर्ता परशुराम ने 19 मार्च 2024 को अपील हार गया। इसके कारण परशुराम व उनके नाती अशोक कुमार उनसे काफी नाराज थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर विपक्षियों ने उनका रिहायशी छप्पर फूंकने की धमकी दी।
25 अप्रैल 2024 को दोपहर करीब तीन बजे लाठी-डंडे से लैस होकर आए और उनके रिहायशी छप्पर में आग लगा दी। यह देख शोर मचाया तो आसपास के बहुत से लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन जातिसूचक व अपशब्द कहते हुए धमकाया और भाग गए। उनके घर का सारा सामान जल गया। साथ ही अन्य घरों में भी आग लग गई, जिसमें गांव के रामजी की झुलसकर मौत हो गई। कोर्ट के आदेश पर लालगंज पुलिस ने रौतापार निवासी अशोक कुमार यादव और परशुराम यादव पर केस दर्ज कर लिया है। विवेचना सीओ रुधौली स्तर से की जा रही है।