प्रधान और सचिव के खिलाफ केस दर्ज
बस्ती। परशुरामपुर विकास क्षेत्र के वेदीपुर ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान नसीबुन्निशा तथा सचिव दुर्गा प्रसाद पर शौचालय निर्माण की धनराशि में बंदरबांट कर लेने के आरोप में पुलिस ने सरकारी धन के दुरुपयोग का मुकदमा पंजीकृत किया है। मामला वर्ष 2019-20 का है।
ग्रामीणों ने डीएम आशुतोष निरंजन से शिकायत की थी कि गांव में शौचालय निर्माण के नाम पर ग्राम प्रधान तथा सचिव ने मिलकर लाखों का वारा न्यारा किया है। डीएम के आदेश पर परशुरामपुर के एडीओ पंचायत नंद कुमार ने दो जून को परशुरामपुर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि ग्राम पंचायत में 274 शौचालय निर्माण के लिए धन दिए गए। निर्देशों व जांच के बाद 198 शौचालय बना दिए गए, लेकिन 14 का कार्य शुरू हुआ है। जबकि 62 शौचालय का पता नहीं है। शौचालय निर्माण के नाम पर सरकारी खाते से सत्र 2019-20 में ग्राम प्रधान नसीबुन्निशा तथा सचिव दुर्गा प्रसाद की मिलीभगत से 32.88 लाख रुपये आहरित किए गए। आरोप लगाया कि शौचालय निर्माण में लीपापोती कर सरकारी धन का बंदरबांट कर लिया गया। परशुरामपुर के थानेदार अशोक कुमार सिंह ने बताया कि एडीओ पंचायत नंद कुमार की तहरीर पर ग्राम प्रधान नसीबुन्निशा व सचिव दुर्गा प्रसाद के विरुद्ध सरकारी धन का दुरुपयोग करने के मामले में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना की जा रही है।