बस्ती। शहर के मड़वानगर में किराए के मकान पर चल रहे नकली सुगंधित सुपारी के अवैध कारखाने के संचालकों पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। कंपनी के प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस टीम की दबिश के दौरान मौके से नकली सामान आदि बरामद किया गया था। कोतवाल राणा डीपी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
सुगंधित सुपारी बनाने वाली कंपनी के पीयूष दुबे निवासी ठकुराना थाना कोतवाली जिला कन्नौज ने तहरीर दी है कि आरोपियों ने अवैध और अनधिकृत रूप से ‘सुगंधित सुपारी’ के लेमिनेट, पैकेजिंग, लेबल का निर्माण कर रहे हैं। उनके ब्रांड का ट्रेडमार्क और लेबल लगाकर नकली प्रोडक्ट तैयार किया जा रहा था। आरोपी बस्ती के विभिन्न बाजारों में अवैध रूप से इसकी बिक्री कर रहे थे। ऐसा कर आम लोगों के साथ धोखा देकर आर्थिक लाभ लिया। इस तरह जालसाजी कर कॉपीराइट अधिनियम का अपराध किया गया। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने शिवकुमार कसौधन निवासी विशुनपुरवा चमनगंज पोस्ट कोहरा बाजार विशुनपुर, किशन कुमार, गोविन्द कश्यप और सौरभ निवासी यशोदा नगर थाना नौबसता जिला कानपुर के खिलाफ कॉपी राइट एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद