प्राइवेट लाइनमैन की मौत का मामला : पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट से मौत की पुष्टि
चेरुइया में 25 सितंबर को हुई थी घटना, मृतक की पत्नी ने दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज (बस्ती)। पैकोलिया थाना क्षेत्र के बेलघाट निवासी प्राइवेट लाइन मैन प्रदीप कुमार सोनी की मौत करंट लगने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है।
इस मामले में शुक्रवार देरशाम मृतक की पत्नी बीनू सोनी ने तहरीर दी। इस आधार पर कप्तानगंज पुलिस ने हरदी विद्युत उपकेंद्र के जेई अशोक पाल, एसएसओ (सब स्टेशन इंचार्ज) नाम पता अज्ञात, संविदा लाइन मैन श्यामू चौधरी, ओम प्रकाश निवासी चेरुइया थाना कप्तानगंज के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
पैकोलिया थाना क्षेत्र के बेलघाट रहने वाले प्रदीप कुमार सोनी हरदी विद्युत उपकेंद्र पर प्राइवेट लाइन मैन के रूप में काम करते थे। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के चेरुइया गांव के निकट बिजली का खंभा गिरा हुआ था। 25 सितंबर को दिन में 11 बजे प्रदीप कुमार सोनी पोल पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक प्रदीप कुमार सोनी पोल से गिर पड़े। आसपास मौजूद ग्रामीण सीएचसी ले गए। जहां बताया गया कि घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया था। प्रदीप सोनी की मौत को लेकर कई तरह की चर्चा हो रही थी। बिजली विभाग के जेई अशोक पाल ने साफ इंकार कर दिया था कि वहां सप्लाई ही नहीं थी। थानाध्यक्ष विकास यादव ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई है।