शुगर बढ़ने और अनियंत्रित रक्तचाप की वजह से नहीं हो पाया ऑपरेशन
घायल की पत्नी की तहरीर पर एक नामजद व दो अज्ञात पर केस दर्ज, कई लोग हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी
कप्तानगंज(बस्ती)। मंगलवार की रात महुलानी गांव में हुई गोलीकांड में घायल ठेकेदार की हालत नाजुक बनी हुई है। पीठ से होते हुए गोली उसके सीने में फंसी गई है। इस वजह से रात में ही उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। पुलिस ने घायल की पत्नी नूरतारा की तहरीर पर बैरागल निवासी सिराज और दो अन्य पर केस दर्ज किया। पुलिस कई लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
बुधवार को ऑपरेशन के लिए उसे ले जाया गया। मगर, ब्लड प्रेशर लगातार घटने-बढ़ने और शुगर लेबल ज्यादा बढ़ने की वजह से ऑपरेशन नहीं हो सका। डाॅक्टरों का कहना है कि शुगर का स्तर सामान्य होने पर ही ऑपरेशन संभव है।
घायल ठेकेदार के घर पर रिश्तेदारों और सगे-संबंधियों का तांता लगा रहा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रात भर पुलिस टीमें बैरागल और आसपास इलाकों में दबिश देती रही। मगर, सफलता नहीं मिली। सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुराने केस में दोनों पक्षों का सुलह हो गया था तो यह घटना किस वजह से हुई। एसएचओ उपेंद्र मिश्र ने बताया कि अभी परिवार के लोग अस्पताल में हैं और आरोपी का परिवार फरार है। इसलिए अभी इसका खुलासा नहीं हो पाया।
कप्तानगंज क्षेत्र के बड़ा खजुहा गांव का रहने वाला मो. रईस लकड़ी का ठेकेदार है। मंगलवार की रात पंडूल घाट से वापस आते समय बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से उसकी पीठ में गोली मार दी थी। महुलानी बुजुर्ग गांव (मानपुर मोड़) के पास हुई वारदात के बाद बाइक सवार तीन बदमाश भाग निकले थे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस और आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। सूचना पर रईस के परिजन अस्पताल पहुंच गए थे। रात 7:30 बजे एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी घटनास्थल का निरीक्षण कर एसएचओ उपेंद्र कुमार मिश्रा को बदमाशों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। देर रात डॉक्टरों ने उसे मेडिकल काॅलेज लखनऊ रेफर कर दिया था।