अयोध्या-बस्ती हाईवे पर बिजरा गांव के पास दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कार। संवाद
महराजगंज (बस्ती)। शनिवार की देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिजरा गांव के पास कार अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। कार में सवार सुरक्षित बच गए जबकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बता दें कि गोरखपुर स्थित मदनमोहन मालवीय इंजीनियरिंग कॉलेज के बी-टेक के छात्र बैगन आर कार से अयोध्या राम मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। बिजरा से गुजरते समय कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर कूद गई और दूसरी लेन में सड़क किनारे बनी गुमटी व दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी तीव्र थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन सभी छात्र सुरक्षित बच गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर की मदद से कार को किनारे लगवाकर यातायात बहाल कराया। छात्रों ने बताया कि हाईवे पर लेन मार्किंग न होने से कार अनियंत्रित हो गई थी। ग्रामीणों राकेश मिश्रा, राजेश मिश्रा, सूरज मिश्रा आदि ने कहा कि हाईवे पर तीन महीने पहले नई परत डाली गई थी, लेकिन आज तक लेन मार्किंग, एज मार्किंग और रिफ्लेक्टिव स्टड नहीं लगाए गए। इससे दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। संवाद