छावनी (बस्ती)। दीपावली की भोर में छावनी थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव स्थित सर्विस लेन पर कार अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा कर पलट गई। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जबकि दो अन्य बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की भोर में करीब साढ़े चार बजे महराजगंज से मथुरा दर्शन कर लौट रहे चार लोग कार से गोरखपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शंकरपुर स्थित एक मोबाइल सेंटर के सामने कार का पिछला टायर पंक्चर हो गया।
गति तेज होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सर्विस लेन की रेलिंग से टकराया और दो-तीन बार पलटते हुए सीधा खड़ा हो गया।
हादसे में प्रभुनाथ पुत्र स्वामीनाथ और कमला देवी पत्नी सत्यनारायण घायल हो गए। वहीं, विनय कुमार और उनकी बहन सुरक्षित बच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी विक्रमजोत भेजा गया।
वहां से चिकित्सकों ने कमला देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चौकी इंचार्ज शशि शेखर सिंह ने बताया कि कार का अगला टायर पंक्चर हो जाने से यह हादसा हुआ। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। संवाद