सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन में जबरदस्त भीड़ के चलते तमाम यात्री नहीं बैठ पाए कोच में।संवाद
बस्ती। कोहरे के चलते स्पेशल ट्रेनों के निरस्त होने से नियमित चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों की जबरदस्त भीड़ बढ़ गई है। कंफर्म टिकट न मिलने से यात्री मजबूर होकर जनरल टिकट से जैसे-तैसे नीचे बैठकर सफर करने को मजबूर हो रहे हैं।
बस्ती के रास्ते जाने वाली वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस, गोरखधाम, सत्याग्रह, अवध असम और आम्रपाली एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों में पांच जनवरी तक सीटें फुल है। ऐसे में यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहे हैं और ऊपर से कोहरे के चलते रेलवे प्रशासन की ओर से कई स्पेशल ट्रेनों को लंबे समय तक के लिए निरस्त कर दिया गया है। जिसके चलते नियमित चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ देखने को मिल रही है।
सत्याग्रह एक्सप्रेस की जनरल कोच में बृहस्पतिवार को चढ़ने के लिए लंबी लाइन लगी थी जैसे ही ट्रेन प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंची तो लोग सीट कब्जा करने के लिए दौड़ पड़े। सत्याग्रह एक्सप्रेस जैसा ही नजारा सभी ट्रेनों में है। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि कोहरे के चलते रेलवे प्रशासन की ओर से कुछ स्पेशल ट्रेनों को निरस्त किया गया है। जबकि यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कुछ स्पेशल ट्रेनों का संचालन रोक-रोक कर कराया जा रहा है।