बस्ती। जिले को बाल श्रम मुक्त बनाए जाने के उद्देश्य से संचालित अभियान के क्रम में बुधवार को बाल श्रम जिला टास्क फोर्स टीम की ओर से बाल एवं किशोर श्रम चिह्नांकन एवं पुनर्वास अभियान चलाया। कुल पांच किशोर चिह्नित किए गए।
पांच सेवायोजकों गोल्डन मेंस पार्लर बुद्धसराय, चंद फर्नीचर हाउस मिश्रौलिया, प्रदुम ऑटो सेंटर महसो, राकेश ऑटो पार्ट्स महादेवा और अनुरुद्ध ऑटो पार्ट्स महादेवा के विरुद्ध निरीक्षण टिप्पणी जारी किया गया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्याम सुंदर शुक्ला ने अवगत कराया कि बाल श्रम के रोकथाम के लिए विशेष जागरूकता/चिन्हांकन अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि बाल श्रम के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर नियोजकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इस वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 20 नियोजकों के विरुद्ध निरीक्षण टिप्पणी जारी कर कार्रवाई की गई है। अभियान में प्रभारी/निरीक्षक एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट बस्ती ओम प्रकाश गौतम, उप निरीक्षक भोला, आरक्षी नीलम मौजूद रहीं। संवाद