प्रधान के एक, बीडीसी के चार, सदस्य के 26 पदों पर होगा उपचुनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले के एक ग्राम पंचायत प्रधान और चार क्षेत्र पंचायत सदस्य सीट के लिए शनिवार को नामांकन होगा। इसके लिए संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों पर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। विकास खंड गौर में प्रधान के एक रिक्त पद पर उपचुनाव होगा। जबकि रामनगर ब्लॉक और सल्टौआ गोपालपुर ब्लाॅक में बीडीसी के दो-दो रिक्त पदों पर उपचुनाव होना है।
साथ ही , 26 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए भी चुनाव कराए जाने की अधिसूचना जारी की गई है। इसमें रामनगर ब्लॉक में दो, गौर में चार, दुबौलिया में नौ, रुधौली में सात, विक्रमजोत में दो तथा परशुरामपुर में दो ग्राम पंचायत सदस्य के खाली पदों पर उपचुनाव होना है।
उपचुनाव की अधिसूचना जारी होते ही संबंधित गांवों में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। संभावित उम्मीदवार अपने-अपने तरह से खेमेबंदी में जुटे हुए हैं। कुछ सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन की कवायद देखी जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी रवीश गुप्ता ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव की अधिसूचना बुधवार को जारी हो चुकी है। इसके अनुसार आठ फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक नामांकन होगा। नामांकन-पत्रों की जांच 10 फरवरी को सुबह 10 बजे से होगी। 11 फरवरी को नाम वापसी और उसके बाद चुनाव चिह्न का आवंटन होगा। जरूरत होने पर 19 फरवरी को मतदान होगा। 21 फरवरी को ब्लॉक मुख्यालय पर गणना होगी।
सल्टौआ संवाद के अनुसार, ग्राम पंचायत पोखर भिटवा के वार्ड नंबर 88 व मुस्तफाबाद के वार्ड नंबर 41 मे बीडीसी का पद रिक्त हो जाने से यहां उपचुनाव होने जा रहा है। एडीओ पंचायत वीरेंद्र तिवारी ने बताया दो उम्मीदवारों ने पर्चे की खरीदारी की है।