लुका-छिपी खेलते समय आपस में टकराकर घायल हुए आठ वर्षीय बच्चे का शव लेकर उसके परिवार के लोग शनिवार को एसपी कार्यालय जा पहुंचे। पैकोलिया थानाक्षेत्र के मुसही निवासी लोग मुकामी पुलिस पर मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली का आरोप लगाने लगे। सीओ सिटी एसएन सिंह व कोतवाल कपिलमुनि सिंह ने किसी तरह उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया। आनन-फानन में शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसपी के निर्देश पर मृतक के दोस्त व उसके पिता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
घटनाक्रम के अनुसार 10 नवंबर शाम को पैकोलिया थानाक्षेत्र के मुसही गांव के आठ-दस साल के लड़केेे लुका-छिपी ((आंख मिचौली) खेल रहे थे। उन बच्चों में आठ वर्षीय अंशू यादव पुत्र राम तेज और 10 वर्षीय अंकुुल यादव भी शामिल थे। गांव के लोगों का कहना है कि यह दोनों बच्चे एक ही गली में आंख बंद करके तेजी से दौड़ते हुए आपस में जा टकराए। जिसमें अंशू के सिर में गंभीर चोट लग गई। उसे लेकर परिवार के लोग घर गए और घरेलू इलाज करने लगे।
दूसरे दिन तबियत बिगड़ने लगी तो लोग बच्चे को लेकर पुरानी बस्ती के हड्डी के एक निजी विशेषज्ञ चिकित्सक के पास ले गए।
बच्चे की हालत नाजुक देख डाक्टर ने जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। वहां ले जाते समय रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि बच्चे की मृत्यु के बाद उसके परिवार के लोग शव घर लेकर चले गए। गांव के कुछ लोगों के सामने सुलह कराया गया। मगर शनिवार को परिजन शव लेकर सीधे एसपी कार्यालय जा पहुंचे और प्रदर्शन किया।