पैकोलिया। जीतीपुर के परी हत्याकांड की जड़ बनी गड्ढे की जमीन पर मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। नायब तहसीलदार हर्रैया सात-आठ लेखपालों के साथ जेसीबी लेकर पहुंचे। कब्जा करके पाट लिए गए 12 एयर के गड्ढे को फिर से गड्ढे में तब्दील किया गया। अभी वहां 12 एयर नवीन परती का मामला भी न्यायालय में विचााराधीन है। इससे सटी जमीन पर भी आरोपी पक्ष कब्जा कर रहा था। जिससे लेकर अतुल श्रीवास्तव के परिवार से विवाद हुआ था। 15 जून को अतुल की 14 वर्षीय बेटी की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी।
मंगलवार को दोपहर 2:45 बजे नायब तहसीलदार हर्रैया ऋषभ सिंह, राजस्व निरीक्षक कृष्ण कुमार आजाद व सर्वा सिंह के साथ लेखपाल लकी यादव, प्रवीण श्रीवास्तव, मन्नू यादव, गौरव पांडेय, सुरेश शुक्ल आदि राजस्व टीम विवादित स्थल पर पहुंची। गड्ढे की जमीन का चिह्नांकन कर पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से छप्पर, पेड़, लकड़ियां आदि रखकर किया गया अतिक्रमण हटवाया और गड्ढे को गड्ढे के रूप में तब्दील करा दिया।
नायब तहसीलदार ने बताया कि 12 एयर पोख्ता गड्ढे की और 12 एयर पोख्ता नवीन परती पर अमरनाथ वर्मा का अवैध कब्जा था। गड्ढे में स्थित पेड़ मड़हा आदि ध्वस्त करा कर पूर्व की स्थिति में कर दिया गया। नवीन परती का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। शीघ्र ही निस्तारित कर ध्वस्तीकरण कराया जाएगा। इस दौरान हत्यारोपी अमरनाथ वर्मा के पिता राम करन तथा मां शिव कुमारी के अलावा पीड़ित पक्ष के अंशू श्रीवास्तव भी पहुंचे थे। शाम करीब 5:30 बजे तक कार्रवाई चलती रही।
बता दें कि पैकोलिया थाना क्षेत्र के जीतीपुर में अतुल श्रीवास्तव व रामकरन वर्मा के बीच जमीन का विवाद चल था। 14 जून को थाना समाधान दिवस में पैकोलिया पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम ने सीमांकन कर जमीन का हकदार अतुल श्रीवास्तव को बताया था। अगले दिन दोपहर में मिट्टी लदी ट्राॅली आई तो अमरनाथ वर्मा ने वहां मिट्टी गिराने से ट्राॅली वाले को रोक दिया। सूचना पर डायल 112 पुलिस पहुंची और मिट्टी लदी ट्राॅली को लौटा दिया गया। बाद में परिवार व साथियों के साथ दोपहर करीब 3 बजे अतुल के परिवार पर हमला कर दिया गया। हमलावरों ने अतुल श्रीवास्तव की 14 वर्षीया बेटी श्रिद्धी श्रीवास्तव उर्फ परी के पेट में चाकू घोंप दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। हमले में अतुल श्रीवास्तव, उनकी माता आशा श्रीवास्तव और पत्नी अंशिला श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
-
पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा प्रतिनिधि मंडल
- विवादित जमीन पर बुलडोजर चलते समय नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि व वरिष्ठ भाजपा नेता अंकुर वर्मा, आजमगढ़ के पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव आदि के साथ पहुंचे। उन लोगों ने घटना के बारे में अतुल श्रीवास्तव के भांजे अंशू श्रीवास्तव तथा नायब तहसीलदार से जानकारी ली। अंकुर वर्मा ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। बताया कि संयोग से उसी समय पहुंचे थे, जब राजस्व विभाग की टीम अतिक्रमण हटा रही थी।