शृंगार के सामान की खरीदारी करतीं युवतियां। संवाद
बस्ती। लगन जैसे-जैसे करीब आ रहा है बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है। शृंगार से लेकर कपड़े और अन्य सामान की दुकानों पर लोगों की भीड़ बढ़ रही है। सोने के आभूषण आम लोगों की पहुंच से दूर हो रहे हैं तो महिलाएं और युवतियां शादियों में पहनने के लिए ब्राइडल और नग के सेट को ज्यादा पसंद कर रही हैं।
इसके साथ ही कंपनियों की तरफ से शृंगार के सामान पर भारी छूट लोगों को दुकान की तरफ खींच रहे हैं। गांधीनगर, पुरानी बस्ती, कंपनीबाग, कटरा सहित अन्य बाजारों में खरीदारों की भीड़ दिख रही है। गांधीनगर बाजार में शुक्रवार को शृंगार की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही। लगन शुरू होने को है। घरों और रिश्तेदारी में शादी पड़ने के कारण महिलाएं व युवतियां चूड़ी, कंगन, लिस्टिक, परफ्यूम, फाउंडेशन, क्रीम, पाउडर सहित अन्य सामान की खरीदारी कर रही हैं। गांधीनगर स्थिति शृंगार सामान के व्यापारी आदर्श पांडेय ने बताया कि इस बार चार फरवरी से लगन शुरू हो रहा, मगर अभी से खरीदारों की भीड़ दुकानों पर होने लगी है।
उन्होंने बताया कि लिपिस्टिक पर कंपनियों द्वारा 40 प्रतशित की छूट दी जा रही है। इसी तरह से परफ्यूम पर 30 प्रतिशत, फाउंडेशन पर 20 प्रतिशत, कलर सेस पर 20 प्रतिशत तक की छूट है। छूट के चलते शादियों में पहनने के लिए महिलाएं और युवतियों की भीड़ दुकान पर हो रही है। उन्होंने बताया कि घूंघरु वाले कंगन और राजस्थानी कंगन का ट्रेंड चल रहा है। दुल्हन के पहनने के लिए कंगन चार सौ रूपये से लेकर दो हजार रुपये तक में उपलब्ध है।
गांधीनगर शृंगार प्रसाधन के व्यापारी आदर्श पांडेय ने बताया कि सोने-चांदी के आभूषण आम लोगों की पहुंच से दूर हो रहा है। इस वजह से युवतियां शादियों में पहनने के लिए ब्राइडल सेट की खरीदारी रही हैं। जयमाल के समय दुल्हन के पहनने के लिए ब्राइडल सेट दो हजार से लेकर 25 हजार रुपये तक उपलब्ध है। पहले लोग ब्राइडल सेट को पहनने के लिए किराये पर लेते थे, मगर अब खरीद रहे हैं।