सीएचसी में टेली मेडिसिन की सुविधा बनी वरदान
बस्ती। टेली मेडिसिन के सहारे गांव के मरीजों को मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों से परामर्श मिल रहा है। जनपद के नौ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मरीज अपनी परेशानी चिकित्सक को बताते हैं, जिसके आधार पर उनका पर्चा लिखा जा रहा है। यह पर्चा वहां से स्कैन कर भेजा जाता है, जिसका प्रिंटआउट मरीज को उपलब्ध करा दिया जा रहा है।
टेली मेडिसिन कार्यक्रम के मंडल कोआर्डिनेटर अभिषेक कुमार ने बताया कि जिले की गौर, परशुरामपुर, हर्रैया, विक्रमजोत, दुबौलिया, कुरहा, भानपुर, रुधौली व मुंडेरवा सीएचसी पर यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मरीज को इसके लिए अस्पताल का एक रुपये का पर्चा लेकर चिकित्सक को दिखाएगा। चिकित्सक को अगर लगता है कि मर्ज के संबंध में हायर सेंटर से परामर्श की जरूरत है तो वह टेली मेडिसिन सेंटर रेफर कर देगा। इसके बाद एक निशुल्क फार्म भरवाकर यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वर्तमान में केडी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज मथुरा के वरिष्ठ चिकित्सक परामर्श के लिए उपलब्ध हैं। मेडिसिन, बालरोग, हड्डीरोग, महिला एवं प्रसूति रोग के चिकित्सक परामर्श दे रहे हैं। यह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की महत्वाकांक्षी योजना है। इससे जहां लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की सुविधा मिल रही है वहीं जिले पर मरीजों का बोझ कम होगा।
--
अब तक 600 मरीजों को मिल चुका है फायदा
टेलीमेडिसिन के जरिए अब तक लगभग 600 मरीजों को फायदा मिल चुका है। 25 जून से योजना की शुरूआत की गई है। पॉयलट प्रोजेक्ट के तहत नौ सीएचसी/पीएचसी को लिया गया है। धीरे-धीरे लोगों का इस ओर रूझान बढ़ रहा है। मरीजों को लखनऊ व गोरखपुर की दौड़ नहीं लगानी पड़ रही है। इलाज का समय सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होने के कारण इसका ज्यादा से ज्यादा फायदा लोगों को मिलेगा।
----------
डिप्टी सीएमओ आरसीएच डा. सीके वर्मा ने बताया कि टेलीमेडिसिन सुविधा नौ ग्रामीण अस्पतालों में उपलब्ध कराई गई है। यहां से मरीजों को मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों का परामर्श मिलेगा। यह सुविधा काफी कारगर होगी।