रुधौली। नगर पंचायत रुधौली के शिवगुलाम सिंह नगर वार्ड में एक युवक का शव आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, शास्त्री नगर वार्ड और शिव गुलाम सिंह नगर वार्ड के बीच स्थित बगीचे में कुछ बच्चे आम तोड़ने गए थे। जहां पेड़ से लटका शव देखकर बच्चे डर गए। भागते हुए उन्होंने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई। इसी बीच घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे एसआई शिवकुमार यादव और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल का मुआयना किया और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की। इसके बाद शव काे नीचे उतरवाया। इसकी पहचान कराई। तो शव की पहचान राजकुमार चौधरी 29 वर्ष निवासी शास्त्री नगर वार्ड के रूप में हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक नशे का आदि था, जो मुंबई में रहकर काम करता था, अभी दो माह पहले ही रुधौली आया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।