वाल्टरगंज। सोनहा थाना क्षेत्र के मंडप गांव निवासी शिव नरायण (27) का उसके घर पर पंखे के कूंडे के सहारे लटका हुआ मिला। रविवार की सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से नहीं निकला तो परिजनों से खिड़की से झांककर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। शिव नरायण को फंदा से लटका देखकर कोहराम मच गया। इसी बीच पुलिस भी पहुंच गई और शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
परिजनों ने बताया है कि शिव नरायण शनिवार की रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। सुबह काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर आया तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो वह साड़ी के टुकड़े से पंखे के सहारे लटका हुआ था और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।
परिजनों में चीख-पुकार सुनकर पत्नी, बच्चे सहित परिवार के अन्य सदस्य दहाड़े मारकर रोने लगे। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।