बोर्ड परीक्षा- 120 परीक्षा केंद्रों पर 77,261 विद्यार्थी आज देंगे परीक्षा
बस्ती। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा बृहस्पतिवार से शुरू हो रही है। परीक्षा को सकुशल व नकल विहीन कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। बुधवार को डीआईओएस कार्यालय में बने कंट्रोल रूम का सीआरओ नीता यादव ने निरीक्षण किया। सभी केंद्रों को ऑनलाइन देखा। लेकिन, कई स्कूल में इंटरनेट ठीक से काम न करने के कारण नहीं जुड़ सके। बृहस्पतिवार को हाईस्कूल की प्रथम पाली में हिंदी और इंटरमीडिएट की सैन्य विज्ञान, जबकि द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी विषय की परीक्षा होगी।
जिले में 382 स्कूल यूपी बोर्ड से संचालित संचालित हो रहे हैं। इस बार हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में 77,261 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। हाईस्कूल के 40,857 जबकि इंटरमीडिएट के 36,404 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के लिए जिले में 120 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें छह राजकीय, 58 अशासकीय सहायता प्राप्त तथा 56 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। सभी केंद्र को ऑनलाइन कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। जिसकी निगरानी एसडीएम सूरज कुमार यादव को सौंपी गई है। परीक्षा केंद्रों को चार जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया है। जिसकी जिम्मेदारी मजिस्ट्रेटों को सौंपी गई है। और सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी नियुक्ति किए गए हैं। पांच सचल दल की टीमें परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करती रहेंगी।
परीक्षा को सकुशल कराने के सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों को बैठने की व्यवस्था की गई है। कक्ष निरीक्षक के लिए 3,377 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन की ओर से जोनल, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर नजर रखेंगे। किसी परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल पकड़े जाने पर संबधित विद्यालय की मान्यता समाप्त कर दी जाएगी और केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी।
- डीएस यादव, डीआईओएस, बस्ती