सदर तहसील के बनकटी को नगर पंचायत बनाए जाने को लेकर विरोध बढ़ता ही जा रहा है।
पहले तो क्षेत्र के लोगों ने धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया और अब बनकटी ब्लॉक के नौ प्रधान और तीन बीडीसी ने कमिश्नर से मिलकर विरोध जताया और कहा कि राजनैतिक दबाव बनाकर कुछ राजनेता देश की आत्मा कहे जाने वाले गांवों को ही नष्ट करने की साजिश रच रहे हैं। जनप्रतिनिधियों ने कमिश्नर को ज्ञापन देकर उनसे इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। इस पर कमिश्नर पीके सिंह ने डीएम को जांचकर अपने स्तर से कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
ग्राम पंचायत बैजीपुर के प्रधान ज्वाला, बढ़ौनी की सीतापति, देईसांड के विंदेश, बाघापार की पुष्पा, बांसापार के लालजी, बरोहिया कला के कृष्णचंद्र सजनाखोर के बाबूराम, बसौढ़ी के घनश्याम, बीडीसी सजनाखोर के दिलीप चौधरी, देईसाड़ के योगेशचंद्र ने बताया कि कुछ लोग सत्ता में रहकर राजनैतिक फायदे के लिए गांवो की आत्मा को ही नष्ट करना चाहते हैं।