लॉकेट लगवाने के बहाने सोने की चेन ले उड़ा
बभनान (बस्ती)। लॉकेट लगवाने के नाम पर महिला से सोने की चेन उड़ा लेने का मामला प्रकाश में आया है। बाद में महिला को जब पता चला कि उसकी चेन उड़ाने वाला टप्पेबाज था तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। फिर घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
शनिवार को सर्राफा मोहल्ला निवासी ओम प्रकाश की पत्नी पुष्पा अपनी बहू के साथ महागौरी नगर स्थित मंदिर में पूजा करने गई थीं। तभी एक युवक गले में पहनी उनकी सोने की चेन मांगने लगा। उसने कहा कि उनके बेटे चेन में लाकेट लगवाने के लिए उसे उनके पास भेजा है। पहले तो महिला चेन देने से इनकार कर दिया, पर दोबारा टप्पेबाज ने महिला के बेटे का नाम लेते हुए उससे फोन पर बात करने के लिए कहा। महिला ने बिना बात किए ही गले की चेन उसे दे दी।
चेन हाथ में आते ही टप्पेबाज वहां से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आराम से निकल गया। बाद में घर पहुंची महिला जब चेन के बारे में परिवार के लोगों को बताई तो वे सन्न रह गए। फिर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक गौर संजय कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।