भानपुर। समितियों के सचिवों की हड़ताल से किसानों को हो रही परेशानी और निजी दुकानों पर महंगे दामों पर खाद की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए भाकियू टिकैत गुट ने आवाज उठाई है। संगठन के तहसील अध्यक्ष श्याम नारायन सिंह के नेतृत्व में एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई।
प्रार्थना पत्र में किसान नेताओं ने कहा कि इस समय गेहूं, सरसों, मटर, आलू की बोआई हो रही है। किसानों को खाद की जरूरत है तो सरकारी समिति के सचिव हड़ताल पर हैं। निजी दुकानदार मनमाने दाम पर खाद बेच रहे हैं। डीएपी 2,000 से 2,200 रुपये, यूरिया 400 रुपये प्रति बोरी और सुपर फास्फेट 800 रुपये प्रति बोरी बिक रही है। तहसील क्षेत्र के सल्टौआ, भिरिया, पचमोहनी, सोनहा, भानपुर, नरखोरिया,असनहरा, दुबौली, तुसायल, कांटखैरा, पटवारिया, चैसार, बरगदवा, पिरैलागरीब आदि जगहों पर संचालित दुकानों की जांच कराकर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई। इस मौके पर रामजीत चौधरी, संत कुमार भारती, राम चंदर चौहान आदि मौजूद रहे। संवाद