बस्ती। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में सपा को वाक ओवर देने वाली भाजपा
एमएलसी चुनाव में मौका नहीं देना चाहती है। भाजपा अपनी पार्टी से न सही तो
बसपा में सेंधमारी करते हुए बसपा नेता प्रमोद कुमार चौधरी उर्फ गिल्लम
चौधरी पर दांव आजमाया है।
बसपा नेता चौधरी कप्तानगंज से जिला
पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ चुके हैं। सांसद और जिलाध्यक्ष इस चुनाव को अपनी
प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए अपने प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने की रणनीति
बनाने में जुट गए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष का कहना है कि पंद्रह फरवरी को
गिल्लम चौधरी नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस भी प्रत्याशी को लेकर मंथन कर
रही है।
पंचायत चुनाव में एकतरफा जीत का डंका बजाने वाली सपा ने
एमएलसी (निकाय) चुनाव के लिए कैबिनेट मंत्री राजकिशोर सिंह के भाई बृजकिशोर
सिंह डिंपल को प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। बृजकिशोर सिंह का नामांकन भी
दाखिल हो गया है।
बताया जाता है कि जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख
चुनाव को लेकर अन्यमनस्क दिखे भाजपा और कांग्रेस के लोगों ने एमएलसी चुनाव
में मजबूती के साथ उतरने का संदेश प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाया। इसको देखते
हुए भाजपा में कप्तानगंज ब्लॉक क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़
चुके बसपा नेता प्रमोद कुमार उर्फ गिल्लम चौधरी समेत कई नामों पर मंथन चला।
भाजपा जिलाध्यक्ष पवन कुमार कसौधन ने बताया कि पार्टी ने गिल्लम
चौधरी को अपना उम्मीदवार बनाया है। गिल्लम ने बसपा का साथ छोड़ दिया है।
पंद्रह फरवरी को उनका नामांकन पत्र दाखिल कराया जाएगा।
वहीं दूसरी
ओर कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप नरायन पांडेय ने बताया कि पार्टी
एमएलसी चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारेगी। कुछ नामों पर विचार चल रहा है।
नाम की घोषणा शनिवार या रविवार को कर दी जाएगी। सोमवार को नामांकन करा दिया
जाएगा। कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ विधान परिषद का चुनाव लड़ेगी।