निकायों में किसान प्रतिनिधि सम्मेलन करेगा भाजपा किसान मोर्चा
कार्यक्रम संयोजकों की हुई घोषणा, तैयारियां शुरू
बस्ती। भाजपा किसान मोर्चा नगर निकाय चुनाव में सभी नगर पालिका व नगर पंचायतों में किसान प्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित करेगा। जिले के एक नगर पालिका व दस नगर पंचायतों में कार्यक्रम संयोजकों की घोषणा हो चुकी है। कार्यक्रम को वृहद रूप देने के लिए बैठकों का क्रम जारी है।
यह कहना है किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष गोपेश्वर त्रिपाठी व जिलाध्यक्ष दिलीप पांडेय का। दोनों शुक्रवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कहा कि भाजपा किसान मोर्चा ने प्रत्येक ग्रामों में 11 सदस्यों की ग्राम समिति तथा नगरों में वार्ड संयोजक बनाए हैं। इस किसान प्रतिनिधि सम्मेलन में शहर में रहने वाले किसानों वार्डों के संयोजक निकाय सीमा में आने वाले गांव के किसानों तथा फल सब्जी अनाज व कृषि आधारित व्यापार करने वाले व्यापारियों को आमंत्रित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि किसान प्रतिनिधि सम्मेलन में अधिक से अधिक मत भाजपा को मिले इसकी विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाएगी। जिलाध्यक्ष दिलीप पांडेय ने कहा डबल इंजन की भाजपा सरकार जब से केंद्र और प्रदेश में आई है तब से किसानों और नगरों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।