कलवारी। थाना क्षेत्र के कलवारी मुस्तहकम गांव के एक व्यक्ति को सांप ने डस लिया। जिला चिकित्सालय में इलाज से उसकी जान बची। जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय मोहम्मद उमर निवासी कलवारी मुस्तहकम थाना कलवारी ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर में वह अपने घर के सामने बने छप्पर में बैठे थे। उसमें एक तरफ लकड़ी रखी थी। उसी में से जहरीला सांप निकला और पैर के दाहिने अंगूठे में काट लिया और फन उठाकर उनको देखने लगा।
उमर ने बताया कि उसने तुरंत एक पतले रस्सी से अंगूठे को बांध दिया। बहादुरपुर सीएचसी ले गए। वहां से जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। बताया कि एंबुलेंस से पहुंचने के बाद तुरंत चार इंजेक्शन लगाए गए। जांच के बाद पता चला कि सांप के ऊपर का दांत नाखून पर और नीचे का दांत मांस में धंसा था। संवाद