सोनहा। थाना क्षेत्र के परसा खुर्द बुजुर्ग उर्फ दरियापुर जंगल गांव के खलंगवा टोला में शुक्रवार रात 32 वर्षीय रामगोपाल यादव की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव कमरे में बिजली के केबल के सहारे पंखे से लटका मिला। छटपटाहट की आवाज पर बगल में सो रही पत्नी जागी लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पत्नी सरोज ने बताया कि रोजाना की तरह उसके पति रामगोपाल यादव मजदूरी कर घर लौटे थे। खाना खाने के बाद दोनों कमरे में सोने चले गए। बगल में ही उसकी पत्नी सरोज यादव भी सोई थी। रात करीब 12 बजे अचानक छटपटाहट की आवाज पर नींद खुली तो देखा कि पति राम गोपाल छत पर लगे पंखे में केबल के सहारे लटक रहे हैं। उसने बचाने की कोशिश की मगर तब तक देर हो चुकी थी। रात में ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। संवाद