वाल्टरगंज (बस्ती)। बस्ती-बांसी मार्ग पर वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पुरैना चौराहे के पास रविवार को तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर भाग निकला, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर चार किमी दूर भादी खुर्द गांव में वाहन व चालक को पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, रघुनाथपुर के 30 वर्षीय वीरेंद्र चौधरी पुत्र शिवचरण रविवार सुबह बाइक से पुरैना बैंक के पास डिवाइडर से घर की ओर मुड़ रहे थे। इसी दौरान रुधौली की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक के परखचे उड़ गए और वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उनको सड़क से उठाकर किनारे किया और परिजनों को सूचना दी। परिजन निजी वाहन से वीरेंद्र को जिला अस्पताल ले गए। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बाद भी वाल्टरगंज पुलिस घटना स्थल पर देर से पहुंची, जिससे लोगों में आक्रोश रहा। थानाध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने बताया कि स्कार्पियो बरामद कर ली गई है और उसे थाने लाया जा रहा है।