बस्ती जनपद के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के महादेवा-मुंडेरवा मार्ग पर लहरी गांव के पास शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे सड़क किनारे खड़े ट्राले से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार आनंद चौरसिया (32) की मौत हो गई, जबकि आदित्य निषाद (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों देवरिया जिले के गौरीगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
आदित्य का चल उपचार
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से महादेवा से मुंडेरवा की ओर जा रहे थे। लहरी गांव के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्राले से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी मुंडेरवा पहुंचाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सक ने आनंद चौरसिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि आदित्य का उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। मुंडेरवा पुलिस ने ट्राले को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी विश्वमोहन राय ने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं घायल आदित्य के भाई नंदेश्वर ने फोन पर बताया कि दोनों कैसे बस्ती गए, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं थी।